राज्यों के चुनाव नतीजों से घबराई आप, दिल्ली नगर-निगम चुनावों को लेकर हुई चिंतित

Arvind kejriwal

नई दिल्ली। गोवा और पंजाब में मिली करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी आप ने दिल्ली नगर निगम चुनावों को लेकर अपनी रणनीति में बदलाव करने का निर्णय लिया है। पार्टी पदाधिकारियों की माने तो पांच राज्यों के चुनाव परिणाम का असर आगामी निगम चुनाव पर भी दिखेगा, ऐसे में पार्टी कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। पार्टी सूत्रों की मानें तो शनिवार को पांच राज्यों के चुनाव नतीजों के बाद अब पार्टी आलाकमान को डर है कि इस मोदी लहर का असर दिल्ली के तीन नगर-निगम चुनावों पर भी पड़ सकता है।

अभी तक आम आदमी पार्टी को दिल्ली के इन नगर-निगम चुनावों में जीत का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा था। लेकिन अब खुद आप आलाकमान अपनी चुनावी रणनीति को बदलने पर विचार करने को मजबूर है। दिल्ली में तीन नगर निगम है, जिसमें उत्तरी दिल्ली नगर निगम, पूर्वी दिल्ली नगर निगम और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम आते हैं। इन स्थानीय निकायों के चुनाव अप्रैल, 2017 में संभावित हैं। वर्तमान में दिल्ली के इन तीनों नगर निगम पर बीजेपी का कब्जा है।