भाजपा में भीतरघातियों के खिलाफ जांच शुरू

bjp

पिथौरागढ़ । विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ भीतरघात करने काम करने वालों की जांच शुरू हो गई है। शनिवार को पिथौरागढ़ पहुंचे प्रदेश अनुशासन समिति के सदस्यों ने कार्यकर्ताओं की बैठक ली। कार्यकर्ताओं ने सात पार्टी पदाधिकारियों के नाम समिति के सामने रखे। समिति ने शीघ्र ही इन पर कार्रवाई का भरोसा सदस्यों को दिलाया। विधानसभा चुनाव के बाद से ही पिथौरागढ़ विधानसभा में पार्टी के कुछ नेताओं पर अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ काम करने के आरोप लगे थे। कार्यकर्ता अब तक हुई हर बैठक में इस मसले को उठाते आ रहे हैं। प्रदेश भर से उठ रही ऐसी आवाजों को देखते हुए पार्टी ने अनुशासन समिति के माध्यम से इसकी जांच कराने का फैसला लिया था।

शनिवार को प्रदेश अनुशासन समिति के सदस्य पूर्व विधायक लाखीराम जोशी और अतर सिंह असवाल पिथौरागढ़ पहुंचे। समिति के सदस्यों ने वन विभाग विश्राम गृह में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। समिति के सदस्यों ने बताया कि जांच समिति ने सात पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के नाम समिति को बताए हैं। कार्यकर्ताओं ने इन नामों की पुष्टि की। कार्यकर्ताओं ने इन सभी पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र वल्दिया, महामंत्री गोपू महर, मीडिया प्रभारी रघुवीर सिंह, उमेश महर, गणेश भंडारी, कृपाल वल्दिया, राजेंद्र जोशी, गिरीश जोशी, राजेश शर्मा, मीना बिष्ट, ललित जोशी, देवेंद्र भट्ट, चंदू बम, रमेश कसन्याल, राम सिंह बिष्ट, भुवन वल्दिया, दान सिंह वल्दिया आदि मौजूद थे।