महिलाओं से छेड़खानी पर जवान का किया ऐसा हाल कि किसी ने कभी सोचा भी नहीं होगा

Tampering with women
धारचूला। पहाड़ी क्षेत्रों में हमेशा ही सेना के जवान तैनात रहते हैं, लेकिन ऐसा पहली बार हुआ जब चीन सीमा से सटे भारतीय पड़ाव गुंजी में तैनात पंजाब रेजीमेंट के एक जवान ने गांव की महिला से छेड़खानी की हो। आक्रोशित महिलाओं ने जवान को पकड़कर चेहरे पर कालिख पोती और गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाया। इस मामले में महिलाओं ने पुलिस थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गुंजी गांव की ग्राम प्रधान अर्चना गुंज्याल ने बताया कि क्षेत्र में इस समय पारंपरिक पूजा-अर्चना का दौर चल रहा है। इसके तहत एक परंपरा महिलाओं के रात को नहाने और कपड़े धोने की है। गत रात करीब पौने दस बजे आसपास की महिलाएं नहाने के बाद कपड़े धो रही थीं।

इसी दौरान पंजाब रेजीमेंट का एक जवान एक दुकान पर सिगरेट खरीदने के बहाने पहुंचा और एक महिला से छेड़खानी करने लगा। शोर सुनकर साथ कपड़े धो रही महिलाओं ने उसे दबोच लिया। जवान महिलाओं को धक्का देकर भागने में सफल रहा, लेकिन महिलाओं ने उसका चेहरा पहचान लिया था। इस जवान को गुंजी के मलीना क्षेत्र में देख महिलाओं ने उसे दबोच लिया। उसके चेहरे पर कालिख पोत जूतों की माला पहना कर घुमाया। महिलाएं जवान को गुंजी पुलिस थाने तक खींच कर लाईं और पुलिस कर्मियों के सुपुर्द किया। इस मामले में महिलाओं ने जवान के खिलाफ तहरीर भी दी है। इस मामले में थाना प्रभारी के थाना क्षेत्र से बाहर होने के कारण स्थानीय पुलिस कोई अधिकृत जानकारी देने से बच रही है।

पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ अजय जोशी ने बताया कि उन्हें इस संबंध में विभागीय कर्मचारियों की ओर से कोई सूचना अभी तक नहीं मिली है। ग्रामीणों ने जरूर इस बात की सूचना दी है। उच्च हिमालय क्षेत्र होने के कारण थाना प्रभारी व थाने से संचार संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। पुलिस इस प्रकरण की जांच करेगी। दूसरी ओर सेना के एक अधिकारी ने कहा कि जवान के इस कृत्य की जांच की जा रही है। उधर ग्रामीणों का कहना है कि गुंजी में सेना और अर्द्धसैनिक बलों के जवान वर्षों से तैनात हैं, लेकिन आज तक ऐसी घटना सामने नहीं आई। इस तरह की हरकत करने वाले जवान पर कार्रवाई होनी चाहिए।